कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मंगलवार को अनाज मंडियों में दौरा करने आए थे। पानीपत अनाज मंडी में दौरे के समय हल्की बारिश शुरू हो गई। उन्होंने मार्केट कमेटी के कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। वे इसके बाद मतलाैडा, इसराना, बापौली और समालखा मंडी के दौरे पर चले गए। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में गेहूं खरीद के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नमी के लिए एफसीआई की टीम मंडियों का दौरा कर रही है। इसके बाद ही नमी के लिए कोई फैसला लिया जाएगा। इधर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार को सुबह से शाम तक रुक-रुक बारिश चली। जिले में औसतन 3.4 एमएम बारिश दर्ज की। सबसे अधिक मतलौडा में पांच और पानीपत खंड में चार एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले की मंडियों में करीब 20 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। वहीं खेतों में गेहूं कटाई बंद करनी पड़ी। किसानों के माथे पर चिंता की लकीर बन गई हैं।