संवाद न्यूज एजेंसी चुलकाना (पानीपत)। चुलकाना धाम स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर में निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा लग गया। बाबा श्याम के दर्शनों के लिए प्रदेश और देश के कोने-कोने से भक्त पहुंचे। भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। पूरा दिन मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्याम प्रेमियों की कतारों से पटा रहा। निर्जला एकादशी के अवसर पर वीरवार सुबह सबसे पहले बाबा श्याम का अलौकिक एवं विशेष श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। पूरा परिसर हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर के गेट नंबर एक पर स्थिति यह थी कि भीड़ के कारण भक्तों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। इसी तरह गेट नंबर तीन पर जाम की स्थिति रही। कोई नंगे पांव तो कोई निर्जला व्रत रख बाबा के दर्शन के लिए आया।