हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 का जिला स्तरीय समारोह रविवार को शिवाजी स्टेडियम में आयोजित किया गया। इसका थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग और योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा रहा। मुख्यातिथि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण रहे। वहीं उपमंडल स्तर पर समालखा में स्थानीय विधायक मनमोहन भड़ाना और इसराना में सोनीपत के विधायक निखिल मदान रहे। जिला स्तरीय समारोह में विस अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संदेश सुना। हरविंद्र कल्याण ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन से परिचित कराया है। आज विश्व के अधिकांश देश योग को अपनाकर उसके लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव पारित होने के बाद आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। योग हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।