कालका-खेड़ावाली मार्ग पर एक निजी बस और थ्री-व्हीलर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। मृतक की पहचान गांधी चौक निवासी 54 वर्षीय रजित सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई लखविंदर सिंह ने बताया कि रजित सिंह सोमवार रात थ्री-व्हीलर में सवारियां छोड़कर खेड़ावाली से कालका लौट रहे थे। रात करीब 9:15 बजे जब वह खेड़ावाली स्थित शराब के ठेके के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक निजी बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थ्री-व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रजित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को कालका के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।