मंगलवार सुबह पंचकूला में हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत सेक्टर-19 अंडरपास में देखने को मिली। यहां बारिश का पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों और पैदल निकलने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में भी बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ा। पानी अधिक होने के कारण कई जगह सड़क और जलभराव वाले हिस्से में अंतर करना भी मुश्किल हो गया। इसके अलावा सेक्टर-19 में कई मकानों के बाहर भी बारिश का पानी जमा हो गया। लोगों को घरों से बाहर निकलने और वाहनों को निकालने में परेशानी हुई। बारिश के बाद जलभराव की स्थिति ने शहर में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।