हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शुक्रवार को सेक्टर-1 स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए नई पेशेंट लिफ्ट की आधारशिला रखी। करीब 73.31 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह लिफ्ट आगामी छह महीने के भीतर बनकर तैयार हो जाएगी। शिलान्यास समारोह के दौरान लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शिलान्यास के बाद अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि लिफ्ट निर्माण कार्य में गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसमें इस्तेमाल होने वाली हर एक सामग्री उच्च कोटि की होनी चाहिए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा और सुविधा में कोई चूक न हो।