पलवल शहर के एक निजी शिक्षण संस्थान में शुक्रवार को जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में 1947 के विभाजन की त्रासदी झेलकर पलवल पहुंचे बुजुर्गों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला मुख्य अतिथि रहे, जबकि उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विभाजन से जुड़े दुर्लभ छायाचित्रों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक तथ्यों की प्रदर्शनी लगाई गई। उपस्थित महानुभावों ओमप्रकाश, प्रकाश चंद आहुजा और बंसीलाल ने विभाजन के दौरान झेली पीड़ा और संघर्ष के संस्मरण साझा किए। अपने अनुभव बताते हुए बुजुर्ग भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गई।