पलवल जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन ट्रेकडाउन’ के तहत अपराध जगत पर कड़ा प्रहार किया है। जिला पुलिस ने पिछले 15 दिनों में 228 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक वरूण सिंगला ने प्रेस वार्ता में बताया कि 5 नवंबर से 20 नवंबर तक चलाए गए इस अभियान में सीआईए, क्राइम ब्रांच तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने दिन-रात छापेमारी कर वर्षों से फरार इनामी बदमाशों, हथियारबंद और गिरोहबंद अपराधियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 78 बदनाम अपराधी गिरफ्तार हुए, जिनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें दो 5,000-5,000 रुपये के इनामी बदमाश भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 26 आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई की गई है। जिसमें 5 वर्ष से आजीवन कारावास तथा भारी जुर्माने तक की सजा का प्रावधान है। 46 अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोली गई है। अभियान में 02 देसी पिस्टल, एक कट्टा, एक जिंदा कारतूस सहित मादक पदार्थ, अवैध शराब और चोरी का सामान भी बरामद हुआ है