एक ओर सरकार पानी बचाओं, बिजली बचाओ और जल है तो कल के नारे देकर आमजन को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। वहीं शहर में पंचायत भवन के सामने मौजूद एक गली में कई दिनों से पेयजल व्यर्थ बह रहा है। आसपास के दुकानदार इसकी कई बार संबंधित विभाग के अधिकारी से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का अब तक कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। यहां पर मौजूद पाइप लाइन में दो लीकेज हो चुके हैं और पानी की सप्लाई छोड़ने के बाद दिनभर हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता रहता है। ये सारा पानी बहता हुआ गली की शुरूआत में बने सीवर में जा रहा है। ऐसे में स्वत: ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर के अधिकारी कितने जागरूक हैं और अपने काम के प्रति कितने सजग हैं। गौरतलब है कि यहां पर सब्जी, परचून, मिष्ठान भंडार, शराब का ठेका, होटल सहित कई दुकानें हैं जिनकी पेयजल की आपूर्ति इसी सप्लाई से हो रही है। ऐसे में लीकेज के कारण दुकानदार इस पानी का इस्तेमाल करने से भी कतरा रहे हैं। उनका मानना है कि लीकेज की वजह से पानी दूषित हो सकता है और बीमार होने की संभावना भी बनी रहती है। मामला संज्ञान में आ चुका है। आज ही कर्मचारी को भेज कर मौके का मुआयना करवा दिया जाएगा। साथ ही एक दो दिन में इस समस्या का स्थाई समाधान भी करवाया जाएगा। इसके बाद आमजन को किरी प्रकार की समस्या नहीं होगी। -मुकेश शर्मा, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग नारनौल।