राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने सोमवार को जिला के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में गहनता से पूछताछ की। स्पेशल मॉनिटर ने सबसे पहले बावड़ीपुर मोहल्ले में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों की हाजिरी की जांच की। इसके अलावा खाने में दी जाने वाली सामग्री को खुद चखकर चेक किया। वहीं पोषण ट्रैकर पर आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा दर्ज आंकड़ों को चेक करने के लिए उन्होंने बच्चों का वजन व हाइट का मिलान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को घर का पता तथा मां बाप का नंबर याद कराएं। इसके अलावा गुड टच व बैड टच के बारे में जागरूक करें। इसके बाद गोयल ने पीएम श्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारनौल का दौरा किया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद किया तथा संविधान द्वारा दिए गए मूल अधिकारों के बारे में बातचीत की। अगर संविधान द्वारा दिए गए मूल अधिकारों का उल्लंघन है तो तुरंत शिकायत करें। उन्होंने शिकायत पेटी का का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने अधिकारों को लेकर जागरूक रहें। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त यादव, एएफएसओ अरुण सैनी तथा सीडीपीओ कमलेश के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।