नववर्ष के पावन अवसर पर कनीना के महेंद्रगढ़ रोड स्थित रॉयल मार्केट के दुकानदारों की ओर से छठे भंडारे का आयोजन कर नववर्ष का आगाज किया। भंडारे में शुद्ध सात्विक प्रसाद तैयार किया गया तथा साफ-सफाई व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। रॉयल मार्केट से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों के सामूहिक सहयोग से हर वर्ष नववर्ष पर भंडारे का आयोजन कर लोगों को प्रसाद वितरण किया जाता है। दुकानदार जितेंद्र बबलू ने बताया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत कोरोना काल के दौरान की गई थी। उस समय जब लॉकडाउन के चलते प्रवासी मजदूर अपने घरों की ओर पैदल पलायन कर रहे थे, तब कई दिनों तक लगातार उन्हें निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए यह भंडारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। प्रातः 7:15 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलता है, जिसमें प्रतिवर्ष ढाई हजार से तीन हजार लोग व राहगीर प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह आयोजन केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि मानव सेवा और सामाजिक सहयोग की भावना को सशक्त करने का माध्यम बन चुका है।