बलाहा कलां निवासी 25 वर्षीय राजबीर उर्फ सोनू का शव बुधवार सुबह खेल स्टेडियम के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल के शवगृह में रखवा दिया है। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतक राजबीर उर्फ सोनू अपने परिवार में मां और एक भाई को छोड़ गया है। दोनों भाई अविवाहित हैं।