हरियाणा पुलिस के लापता जवान आनंद कुमार की मौत का रहस्य और गहरा गया है। महेंद्रगढ़ जिले के रिवासा गांव के वाटर टैंक में अब उसकी बाइक भी बरामद हुई है, जिससे वह दादरी से घर के लिए निकला था। इससे पहले, 18 फरवरी की सुबह उसी टैंक में उसका शव मिला था। गांव उष्मापुर निवासी आनंद कुमार हरियाणा पुलिस में सिपाही था और फिलहाल मधुबन में ट्रेनिंग कर रहा था। 15 फरवरी की रात उसने अपने ससुर और पत्नी को फोन कर बताया था कि वह महेंद्रगढ़ के राव तुलाराम चौक पर पहुंच गया है और जल्द घर आएगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचा। जब वह लापता हुआ, तो परिवार ने 16 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 18 फरवरी को रिवासा गांव के वाटर टैंक में उसका शव मिला, लेकिन तब तक बाइक का कोई पता नहीं था। अब, जब उसी टैंक से उसकी बाइक भी बरामद हुई है, तो मामले की गुत्थी और उलझ गई है। शव मिलने के बाद पुलिस में जांच शुरू की थी, जिसमें शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले थे। लेकिन अब बाइक भी टैंक से मिलने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं क्या यह हादसा था, या फिर किसी साजिश के तहत आनंद कुमार की हत्या की गई। आनंद कुमार की मौत से परिवार सदमे में है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है और सच सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।