संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास स्थित दो दुकानों के ताले तोड़कर चोर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना का पता शुक्रवार सुबह दुकानदारों को चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महाराणा प्रताप नगर निवासी कृष्ण कुमार सैनी ने बताया कि उनकी चाय एवं जूस की दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले और मंदिर में रखी करीब पांच से छह हजार रुपये की नकदी ले गए। सुबह किसी व्यक्ति के फोन से उन्हें दुकान का शटर खुला होने की जानकारी मिली। वहीं सराय ढुसरान निवासी अशोक कुमार की चाय की दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले से करीब 1700 रुपये चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकानदारों का कहना है कि घटनास्थल से पुलिस लाइन, महिला थाना और शहर थाना महज कुछ दूरी पर हैं। इसके बावजूद चोरी की वारदात होने से व्यापारियों में रोष है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।