केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के सफलतापूर्वक 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वीरवार को लघु सचिवालय के प्रांगण में अंत्योदय-सरल केंद्र में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। लगातार कई दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर फीता काटकर उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार द्वारा जनहित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचना है। प्रदर्शनी में पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों को चित्रों, ग्राफिक्स और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दर्शाया गया है। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। भाजपा के जिला प्रधान यतेंद्र राव ने कहा कि यह प्रदर्शनी आगामी दिनों तक आम जनता के लिए खुली रहेगी ताकि अधिक से अधिक लोग केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम में जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, अटेली के पूर्व विधायक सीताराम यादव के अलावा पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।