किसी भी प्रकार की आपदा की हालात में हम कितने तैयार हैं। इस बात को परखने के लिए सोमवार को लघु सचिवालय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती तथा पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ की मौजूदगी में हुई इस रिहर्सल में सुबह ठीक 9 बजे रिक्टर पैमाने पर 7.4 की तीव्रता के भूकंप की सूचना मिलते ही सायरन बजा और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को सूचित किया। इसके साथ ही जिला प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान एसडीआरएफ, रेडक्रॉस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड व अन्य टीमों ने घायलों को बाहर निकाल कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। इसके बाद एनडीआरएफ 7वीं बटालियन भटिंडा की टीम असिस्टेंट कमांडेंट सरोज रानी की कमान में पहुंची तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने मोर्चा संभाला। एनडीआरएफ द्वारा भवन के नीचे दबे हुए नागरिकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की रिहर्सल की गई।