नगर परिषद ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए महेंद्रगढ़ रोड पर चल रहे शहर के एक मॉल को सील कर दिया। इस मॉल को यहां के एक व्यापारी ने किराए पर लिया हुआ था। इस भवन में जैसे ही सील लगाने के लिए नगर परिषद की टीम पुलिस के साथ पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। उसमें खरीदारी कर रहे लोग बाहर आ गए। भवन को सील करने की पूरी कार्रवाई नप ईओ सुशील कुमार के नेतृत्व में गई। नप ईओ ने बताया कि भवन के मालिक ने अभी तक बिल्डिंग प्लान पास नहीं करवाया था जिसके चलते शुक्रवार को इस मॉल को सील किया गया है। वहीं भवन के मालिक लाजपत ने बताया कि उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी की हुई हैं और बिल्डिंग प्लान पास करवाने की कार्रवाई भी चल रही है। उन्होंने कहा इसे लेकर न्यायालय में दोपहर बाद सुनवाई भी थी जिससे पहले ही इसे सील कर दिया गया। लाजपत ने इसे राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव उनकी बहन है, जिनके साथ चल रहे प्रोपर्टी विवाद के कारण इसे सील किया गया है।