हरियाणा सरकार इस बार महाराजा शूर सैनी जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को नारनौल में आयोजित करने जा रही है। संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत आगामी 16 नवंबर को प्रस्तावित इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने नई अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उपायुक्त ने बताया कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से नागरिक पधारेंगे। सभी नागरिकों के लिए कार्यक्रम स्थल पर हर प्रकार की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरे के संबंध में उपायुक्त ने सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अनाज मंडी में चारों तरफ विशेष साफ सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को दूसरे जिलों से बसों में आने वाले नागरिकों के लिए मंडी के आसपास बनाई जाने वाली उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने कैंप कार्यालय में आयोजित एक बैठक में इस समारोह के संबंध में रूपरेखा तैयार की। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, नगराधीश डॉ. मंगलसेन, तथा एक्सईएन बीएंडआर अश्वनी कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।