शहर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली है, जिसे शीघ्र ही अमल में लाया जाएगा। इस योजना के तहत नगर परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में फीडिंग प्लेस स्थापित करेगी। इन फीडिंग सेंटरों पर मोहल्ले के लोग आवारा कुत्तों के लिए रोटियां, बिस्कुट व अन्य खाद्य सामग्री डाल सकेंगे। इससे कुत्ते एक ही निर्धारित स्थान पर एकत्र होंगे, जिससे उनकी गणना, पकड़ने और टीकाकरण की प्रक्रिया सरल हो सकेगी। नगर परिषद द्वारा वार्डों में फीडिंग प्लेस के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को लेकर जल्द ही पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी वार्डों की स्थिति पर चर्चा कर स्थानों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर परिषद रघुनाथपुरा क्षेत्र में नंदी गोशाला के समीप एक बड़ा शेल्टर होम तैयार किया जाएगा। इस शेल्टर होम में शहर के सभी वार्डों से पकड़े गए आवारा कुत्तों को रखा जाएगा। साथ ही, स्थान चिन्हित होने के बाद नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद द्वारा आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है।