नारनौल पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान भिवानी के थाना तोशाम के गांव बीरण निवासी पवन के रूप में हुई। जिससे रिमांड के दौरान पूछताछ में पता चला कि गिरोह अब तक राजस्थान, हरियाया, दिल्ली व जम्मू कश्मीर सहित अन्य राज्यों से करीब 1200 गाड़ियां चोरी कर चुका है। आरोपी के खिलाफ हरियाण, पंजाब व अन्य राज्यों में करीब 67 मामले दर्ज हैं, जिनमें से अधिकतर चोरी के मामले हैं। इसके अलावा गिरोह में छह-सात लोग शामिल है। डीएसपी भारत भूषण ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और इसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। सीआईए की टीम ने इस चोरी की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई गाड़ी को भी बरामद कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी साउथ रोहिणी दिल्ली से चोरी की हुई थी। इसके साथ ही पुलिस ने उस गाड़ी के अंदर से वाहन चुराने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार व अन्य जरूरी उपकरण भी बरामद कर जब्त किए हैं। आरोपी से पूछताछ में शहर नारनौल क्षेत्र से चोरी की हुई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। इसके अतिरिक्त 3 नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। इसके साथ ही गाड़ी चोरी करने में प्रयोग किए जाने वाले चाबी पाना टूल, स्कैनर टूल (आई पैड), ऑन टूल्स ओबीडी आई फ्यूज डायनोस्टिक स्कैनर एडॉप्टर केबल इत्यादि बरामद किए गए हैं। वहीं टीम ने 6 एंटेना असेंबली इमोबिलाइजर व दो चाबी भी बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त 3 गाड़ियों के 5 ईसीएम भी बरामद किए गए हैं, जिन गाड़ियों के ईसीएम बरामद किए हैं, ये गाड़ियां राजस्थान और जम्मू कश्मीर की थी।