फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारनौल क्षेत्र में सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी, सरसों की फसल को लेकर किसान चिंतित

क्षेत्र में रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय इलाके में सरसों की फसल बड़ी मात्रा में खेतों में खड़ी है और बारिश या तेज हवा से नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम में और बदलाव होता है तो पककर तैयार फसल को नुकसान हो सकता है। जानकारी के अनुसार नारनौल और आसपास के इलाकों में करीब एक लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में सरसों की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। ऐसे में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। कई जगह किसान कटाई की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन मौसम की अनिश्चितता के कारण चिंता बनी हुई है। 15-16 मार्च को मौसम में बदलाव के आसार मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 और 16 मार्च के दौरान प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 15 मार्च को अलसुबह हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों में हल्की बिखराव वाली बारिश या बूंदाबांदी और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं शेष हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं आंधी चल सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। 18 मार्च से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 18 मार्च को एक नया सशक्त पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 19 से 21 मार्च के दौरान हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर आंधी, अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद क्षेत्र के किसान फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं और मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें