शहर में चल रहे अतिक्रमण अभियान के विरोध में व्यापारियों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर दो घंटे धरना दिया। यहां पर एसडीएम कनिका गोयल, तहसीलदार अजय, नपा प्रधान रमेश सैनी ने उनसे बातचीत की। इसके बाद व्यापारियों के मांगपत्र पर एसडीएम व तहसीलदार की ओर से किए गए चालान की रकम कम करने का आश्वासन दिया। बता दें कि तीन दिन में नगर पालिका की ओर से 55 दुकानदारों पर करीब 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शुक्रवार सुबह 9 बजे शहर के करीब 80 व्यापारी व दुकानदार एसडीएम कार्यालय प्रांगण में पहुंचे। उनकी अगुवाई मार्केट कमेटी प्रधान व पार्षद अशोक कुमार ने की। सभी दुकानदारों ने व्यापारी एकता जिंदाबाद और तानाशाही व गुंडागर्दी नहीं चलेगी के नारे लगाए। इसके बाद तहसीलदार, एसडीएम और नगर पालिका प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की। इसके बाद सभी व्यापारियों ने उनको ज्ञापन सौंपा। इनमें से चार प्रमुख लोगों को अंदर आने के लिए कहा। बाद में व्यापार कमेटी के चार व्यक्तियों ने बात की। इसमें तहसीलदार की ओर से किए गए स्लैब के चालान पूरी तरह रद्द करने पर सहमति बनी। इसके बाद अन्य दुकानदारों के किए गए भारी रकम के चालान माफ करने की बात उठाई। इस पर एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि जल्द ही कॉम्पलैक्स के बरामदों और दुकानों के बाहर जमीनी व हवाई अतिक्रमण हटाया जाएगा तो चालान की राशि कम कर दी जाएगी। अब 10 दिन तक शहर में अतिक्रमण की समीक्षा होगी और दस दिन बाद जुर्माना राशि तय की जाएगी। इसके बाद उन्होंने बाहर आकर व्यापारियों से बातचीत की और तय बातों पर जल्द अमल करने के लिए कहा।