नगरपालिका महेंद्रगढ़ के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को झाड़ू प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाई। कर्मचारियों ने नगरपालिका प्रांगण में जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने सात मई 2024 को हुए समझौते को लागू करने तथा ऐप पर हाजिरी लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। विरोध-प्रदर्शन के बाद नगर पालिका सचिव के नाम सफाई इंचार्ज सुमित हुड्डा को मांग पत्र सौंपा गया। सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्ण वाल्मीकि ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सात अगस्त 2024 को संघ व सरकार के मध्य वार्ता हुई थी। इस वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी। संघ की ओर से मांग रखी गई थी कि पालिकाओं के सफाई कर्मचारियों की हाजरी स्वच्छता ऐप पर न लगाई जाए, क्योंकि यह ऐप वर्क आउटसोर्स व अन्य ठेकों की निगरानी करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में जिन मांगों पर सहमति बनी थी उन पर भी निकाय विभाग ने आवश्यक रूप से आपत्तियां लगाकर उनके पत्र जारी नहीं किए हैं। निकाय के इस कृत्य से पालिकाओं, परिषदों व निगमों के कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों की नाराजगी को देखते हुए संघ की ओर से सात अगस्त 2024 के समझौते को लागू न करने तथा एसएमडब्ल्यू ऐप पर सफाई कर्मचारियों की हाजरी लगाने के विरोध में 23 अप्रैल को कर्मचारी कार्यालयों के समक्ष झाड़ू प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंप चुके हैं। अगर सरकार 26 अप्रैल तक मांगों को पूरा नहीं करती है तो संघ 27 अप्रैल को रोहतक कर्मचारी भवन में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर बडे़ आंदोलन का फैसला लेगा, जिसकी जिम्मेवारी शहरी स्थानीय निकाय विभाग की होगी।