जिला स्तर पर सभागार में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का बुधवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगराधीश डॉ. मंगल सेन ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार की क्रियाएं की। हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में 12 जनवरी से 12 फरवरी तक चल रहे सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जा रहा है। नगराधीश ने भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि योग और सूर्य नमस्कार भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। ये केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर जीवन जीने की एक पद्धति बन चुका है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार व्यायामों का राजा कहा जाता है क्योंकि यह केवल एक शारीरिक कसरत नहीं है, बल्कि शरीर, मन और श्वास के बीच एक गहरा संबंध है। यह 12 शक्तिशाली योग आसनों का एक क्रम है जो आपके पूरे सिस्टम पर प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ती जीवनशैली की बीमारियों (जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मानसिक तनाव) के दौर में सूर्य नमस्कार एक रक्षा कवच की तरह कार्य करता है।