नारनौल के टीबी अस्पताल में शुक्रवार सुबह करीब 10:00 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग लगने से अस्पताल के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी गई। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:00 बजे अचानक से टीबी अस्पताल में शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी निकलने शुरू हो गई। इस दौरान चिकित्सक व स्टाफ कर्मी भी अस्पताल में मौजूद थे। आग लगने से अस्पताल परिसर में धुंआ ही धुंआ हो गया। जिसके बाद चिकित्सक व स्टाफ कर्मी अस्पताल से बाहर निकल गए। गनीमत रही की दमकल विभाग की गाड़ी समय पर पहुंच गई और करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया।