जिले से गुजर रही पावरग्रिड सीकर-नरेला हाइटेंशन लाइन से प्रभावित 35 गांवों के लिए मार्केट रेट तय कर दिया गया। इस निर्णय के बाद अधिकांश गांवों के किसानों में खुशी की लहर देखने को मिली। हालांकि कुछ गांवों के रेट में खामियां सामने आईं, जिन्हें लेकर किसानों ने जिला प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासन की ओर से जल्द उचित समाधान का आश्वासन दिया गया है। इसी क्रम में खेतड़ी-नरेला हाइटेंशन लाइन की लंबित एमआरसी को लेकर मार्केट रेट कमेटी के चेयरमैन अनिरुद्ध यादव ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए किसान हित में कमेटी का गठन किया। साथ ही पावरग्रिड बीकानेर-नीमराणा और टाटा पावर बीकानेर-नीमराणा लाइन के लिए भी एमआरसी बना दी गई है, जिसकी अहम बैठक 15 मई 2026 को प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र लोहचब व जिला प्रधान मनोज कुमार को किसानों ने फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर सतेंद्र लोहचब ने अनिरुद्ध यादव के फैसले का स्वागत करते हुए किसानों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनकी जमीन का वास्तविक बाजार मूल्य नहीं मिलता, तब तक मोर्चा संघर्ष जारी रखेगा। साथ ही अन्य हाइटेंशन लाइनों से प्रभावित किसानों को भी सजग और संगठित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रामनिवास पटोदा, मुकेश कुमार, संदीप, महेंद्र, पुष्पेंद्र, अंकित, मदन सरपंच, दाताराम गुर्जर, धर्मपाल, राजकुमार, ओमप्रकाश, विनोद चौधरी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।