नारनौल के सिहमा में एक शव नहर में मिला है। घटना की पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक की पहचान दुबलाना के रहने वाले एक व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में भी दी गई थी। बताया जा रहा है कि 26 दिसंबर को सुनील कुमार गुरुग्राम से अपने घर दुबलाना आया था। इस दौरान वह शाम के साढे सात बजे सिहमा गांव के एक होटल पर खाना खाने गया था। उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा और फोन भी स्विच आफ आ रहा था। शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब शनिवार को सिहमा नहर में उसका शव सुबह मिला है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।