नारनौल। आगामी 15 अगस्त को स्थानीय आईटीआई मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस जिला स्तरीय समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इस राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए वीरवार को आईटीआई मैदान में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं डीएसपी डॉ. कविता ने किया। ध्वजारोहण के बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पीटी प्रदर्शन, डंबल तथा लेजियम का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगराधीश डॉ. मंगल सेन तथा जिला शिक्षा अधिकारी डॉ विश्वेश्वर कौशिक के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।