महेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने वीरवार को जिला के दो राशन डिपो पर छापेमारी की। इस दौरान गांव मालड़ा और जाट स्थित डिपो पर भेजे गए गेहूं के बैगों में 12 से 18 फीसदी तक नमी दर्ज की गई, जिससे कट्टों का वजन भी बढ़ा हुआ मिला। टीम ने पुलिस से डिपो संचालकों पर कार्रवाई की सिफारिश की है। बता दें कि खाद्य आपूर्ति विभाग ने मालडा डिपो पर 200 बैग और जाट डिपो पर 640 बैग गेहूं भेजे थे। इन गेहूं के बैगों में सामान्य से अधिक नमी की मात्रा पाई गई। टीम ने पाया कि 50.135 किलोग्राम के बजाय कट्टों का वजन 58 किलोग्राम तक था। यह अतिरिक्त वजन नमी के कारण ही बढ़ा हुआ था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने मौके पर ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। यह रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। राशन में इतनी अधिक नमी किस कारण से आई, इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। सीएम फ्लाइंग की टीम ने वीरवार को अचानक इन डिपो पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान गेहूं के नमूनों की जांच की गई। इसमें नमी की मात्रा 12 से 18 फीसदी के बीच पाई गई। यह मानक से काफी अधिक है, जिससे गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कट्टों के वजन में भी भारी अंतर पाया गया। अब टीम ने अपनी रिपोर्ट में सभी अनियमितताओं का उल्लेख किया है।साथ ही उन्होंने पुलिस से डिपो संचालाकों पर उचित कार्रवाई की सिफारिश की है।