हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ सहित प्रदेश को 100 करोड़ से अधिक की 9 परियोजनाओं का पंचकूला से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी मौजूद थी। वहीं नारनौल के नागरिक अस्पताल में स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे तथा उन्होंने इन परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्यरत है और इन जनकल्याणकारी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से स्वास्थ्य प्रणाली अत्यधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इन नई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का जो नारा दिया था उसी के अनुरूप प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार निरोगी हरियाणा का सपना साकार करने में लगी है। उन्होंने कहा कि अटेली सीएचसी को वेदांता अस्पताल द्वारा गोद लेने का फैसला सराहनीय है। इस अवसर पर एडीसी तरुण कुमार पावरिया, डीएसपी भारत भूषण, सीएमओ डॉ अशोक कुमार, महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बृजेंद्र सिंह ढिल्लों, डॉ आशा शर्मा, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी तथा पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे। सीएम ने महेंद्रगढ़ जिले को दी ये बड़ी सौगातें: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की मौजूदगी में पंचकूला से वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ को कई स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने जिला नागरिक अस्पताल नारनौल में 'स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार क्लिनिक' का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और सुलभ बनाने के लिए राज्य स्तरीय टेली-ईसीजी सेवा का भी शुभारंभ किया। ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत स्वास्थ्य ढांचा देने के लिए तिगरा, बिहाली, बजाड़, सिहोर और स्याणा में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इसके अलावा आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नागरिक अस्पताल नारनौल में अमृत फार्मेसी स्टोर की आधारशिला भी रखी गई। इन सभी नई और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के शुरू होने से महेंद्रगढ़ जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतरीन इलाज मिल सकेगा। अमृत फार्मेसी की स्थापना से मरीजों को बेहद किफायती दरों पर जीवन रक्षक दवाएं मिलेंगी, जिससे गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों का चिकित्सा खर्च कम होगा। कोरियावास मेडिकल कॉलेज में अब मुफ्त डायलिसिस: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल कोरियावास में नवनिर्मित अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। राज्य स्तर के इस कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी पंचकूला में मौजूद थी। मेडिकल कॉलेज में लगाई गई बड़ी एलइडी के जरिए नागरिकों ने इस लाइव कार्यक्रम को देखा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह नई डायलिसिस यूनिट इसी दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल कोरियावास (नारनौल) के द्वितीय तल पर इस आधुनिक डायलिसिस यूनिट की स्थापना से अब जिला महेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के किडनी से पीड़ित मरीजों को डायलिसिस के लिए दिल्ली, जयपुर या गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनका कीमती समय व पैसा दोनों बचेगा। संस्थान के निदेशक डॉ. बृजेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस डायलिसिस यूनिट में उच्च गुणवत्ता वाली मशीनें और विशेषज्ञ स्टाफ तैनात किए गए हैं ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जिससे सरकार के स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा के संकल्प को नई ताकत मिलेगी।