भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव के कारण नारनौल से अमृतसर जाने वाली बस के रूट में बदलाव किया गया है। नारनौल डिपो से प्रतिदिन दोपहर साढ़े 3 बजे अमृतसर के लिए बस रवाना होती है, जो दिल्ली होकर अमृतसर तक जाती है लेकिन अमृतसर पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ शहर है, जहां भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान अनेक बार ब्लैक आउट किया गया है। जिस कारण लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर बस के रूट में कटौती की गई है। अब नारनौल से अमृतसर तक जाने वाली बस जालंधर तक ही जा रही है। गौरतलब है कि वाया दिल्ली नारनौल से अमृतसर तक की दूरी करीब 650 किमी है, लेकिन रूट में कटौती के बाद बस करीब 70 से 80 किमी पहले जालंधर तक ही जा रही है। वहीं चंडीगढ़ और अमृतसर सहित सीमा से सटे क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों की संख्या में भी कमी देखने को मिली है। हालांकि केवल अमृतसर को छोड़कर बाकी सीमा के नजदीक वाले क्षेत्रों सहित सभी लंबे व छोटे रूटों पर बसों का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है।