मोहल्ला पीरआगा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर सोमवार को आभा आईडी बनाने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आशा वर्कर मीरा देवी व स्वास्थ्य विभाग से प्रवीण कुमार ने लोगों को आभा आईडी के प्रति जागरूक किया। प्रवीण कुमार ने बताया कि शिविर में करीब 105 लोगों की आईडी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर आभा आईडी के लिए शिविर का आयोजन किया जाता है। आशा वर्कर मीरा देवी ने बताया कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक 14-अंकों का एक यूनिक हेल्थ नंबर है। यह मेडिकल रिकॉर्ड को सुरक्षित डिजिटल रूप से स्टोर करने में सहायक है। इस अवसर पर अनेक लोग उपस्थित रहे।