शहर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिक खेल उत्सव मनाया गया। इसमें 11 प्रकार की खेल स्पर्धाएं करवाई गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महेंद्रगढ़ हलका विधायक कंवर सिंह यादव ने शिरकत की। बता दें कि कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे की गई। संस्थान की ओर से पुष्पगुच्छ भेंटकर कर विधायक कंवर सिंह का स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने 100 मीटर दौड़ की प्रतिभागी छात्राओं के लिए ताली बजाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें 10 छात्राओं ने भाग लिया। इसके बाद चक्का फेंक स्पर्धा आयोजित की गई और इसमें भी छात्राओं ने 60 मीटर दूरी तक चक्का फेंककर अपना कौशल दिखाया। इसके बाद नींबू दौड़, थ्री लैग दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, जेवलीन थ्रो, गोला फेंक आदि स्पर्धाएं करवाई गई। हालांकि इनके परिणाम सायं 4 बजे तक जारी किए जाएंगे। इसके बाद विधायक विजेताओं को सम्मानित करेंगे।