अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वंडरु ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि रबी फसल खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंडियों में 24 घंटे गेट पास काटने के विशेष आदेश जारी किए हैं ताकि आवक के समय किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। वंडरु शनिवार को जिला की अनाज मंडियों के दौरे से पूर्व कैंप कार्यालय में आयोजित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक के दौरान उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिला में फसल खरीद की वर्तमान स्थिति, अब तक की आवक और प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ने नारनौल और महेंद्रगढ़ अनाज मंडियों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद किसानों तथा आढ़तियों से सीधा संवाद कर धरातल पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मंडियों में पेयजल, बिजली और छाया जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल की खरीद के साथ-साथ उसका समयबद्ध उठान और किसानों के खातों में भुगतान प्रक्रिया में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक जेवरिया, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, चेयरमैन बाबूलाल पटीकरा, डीएमईओ जगजीत कादियान, जीएम रोडवेज देवीदत्त, डीएफएससी सावित्री देवी, एएफएसओ अरुण सैनी तथा मंडी सचिव नुकुल यादव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।