संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। नगराधीश डॉ. मंगलसेन की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से 370 आवेदनों में से 182 लाभार्थी किसानों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्राप्त आवेदनों में से रोटावेटर के लिए योग्य पाए गए 332 किसानों में से 163 तथा लेजर लैंड लेवलर के लिए पात्र 38 में से 19 किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाएगा। नगराधीश ने कहा कि सभी चयनित किसान अपने संबंधित दस्तावेज 22 व 23 जुलाई को खंड स्तर पर खंड कृषि अधिकारी कार्यालय में जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि चयनित आवेदकों को सभी संबंधित दस्तावेज जमा करने के बाद 27 जुलाई से ऑनलाइन अनुदान पात्रता प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएंगे। चयनित किसान 27 जुलाई से 18 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध अधिकृत निर्माताओं में से अपनी मनपसंद फर्म डीलर से मोलभाव करके कृषि यंत्र खरीदना सुनिश्चित करें व डीलर के माध्यम से कृषि यंत्र का बिल, इ-वे बिल, किसान का कृषि यंत्र सहित जीपीएस लोकेशन वाला फोटो विभागीय पोर्टल पर 24 अगस्त तक अपलोड करना अनिवार्य है। इस मौके पर डीडीए डॉ. देवेंद्र सिंह, सहायक कृषि अभियंता राजीव पाल, राम सिंह बरवाला, विषय विशेषज्ञ सतवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सत्यजीत, प्रगतिशील किसान समूह से बबीता स्वयं सहायता समूह से मधु व अन्य किसान मौजूद थे।