महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र शिवमय हो गई। सोमवार को शहर में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ बारात में हिस्सा लिया, जिससे पूरा शहर शिव भक्ति में सराबोर नजर आया। बारात में विभिन्न झांकियों को सजाया गया, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय और शिवगणों की भव्य झांकियां श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही थीं। ढोल-नगाड़ों की धुन और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। शिव बारात प्राचीन दुखभंजन महादेव मंदिर से आरंभ हुई और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजेंद्र नगर कुटिया पहुंची, जहां शिव-पार्वती विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से पूरी की जाएंगी। बारात में शामिल श्रद्धालु पूरे जोश और भक्ति भाव से भोलेनाथ के जयकारे लगाते नजर आए।