गांव भोर सेयांदा से हमीरा फॉर्म तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भवन व सड़क निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अंबाला की टीम ने सड़क के विभिन्न स्थानों से सैंपल एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को प्रयोगशाला में भेजकर गुणवत्ता की जांच की जाएगी। पीडब्ल्यूडी विभाग के उपमंडल अधिकारी (एडीओ) सुरेंद्र पाल ने बताया कि यह जांच विभाग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मानकों का मूल्यांकन करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैंपल लेने की यह प्रक्रिया निर्माण कार्य की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए की जाती है। एकत्र किए गए सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है, जहां सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण मानकों का परीक्षण होगा। एडीओ ने कहा कि यदि जांच में कोई कमी पाई जाती है, तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।