कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन संस्थान के सेमिनार हॉल में पर्यावरण एवं स्थिरता विषय पर एकदिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई पहुंचे। इसमें प्रतिष्ठित विद्वान सतत पर्यावरण, अपशिष्ट प्रबंधन, परिपत्र अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन को लेकर व्यावहारिक मंथन करेंगे। सम्मेलन में कुल 175 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्ष कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि पर्यावरण बचाव हेतु कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अहम भूमिका निभा रहा है। इसी के तहत विद्यार्थियों को डिग्री प्राप्त करने हेतु पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना जरूरी किया गया है। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरु जम्भेश्वर द्वारा पर्यावरण को लेकर उठाए गए अहम कदमों के बारे में जानकारी दी तथा युवाओं को प्रेरणा दी की पर्यावरण के इस बिगड़ते हाल को बचाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा।