कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का स्वीमिंग पूल इस गर्मी में भी अब तक नहीं खुल पाया है। मई का आधा महीना बीत चुका है, लेकिन पूल पर अब भी ताला लटका है। हैरत की बात यह है कि पिछले साल ही पूल की मरम्मत और आधुनिकीकरण पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते इसे अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है। स्वीमिंग पूल की गहराई करीब 16 फुट है, इसलिए इसे चालू करने के लिए प्रशिक्षित कोच, लाइफ सेवर गार्ड और सफाईकर्मियों की आवश्यकता होती है। खेल निदेशालय के पास न तो कोच है, न ही लाइफ सेवर गार्ड और न ही सफाई स्टाफ की व्यवस्था बन पा रही है। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन न होने की स्थिति में पूल पर ताला लटका हुआ है, जिसका खामियाजा तैराकी के खिलाड़ियों और शिक्षक व कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।