अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे किसानों को संयम रखना चाहिए तो वहीं सरकार को भी उनकी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। किसी भी प्रकार का टकराव नहीं होना चाहिए। यह कहना है कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी के अध्यक्ष संत बलजीत सिंह दादूवाल का। उन्होंने कमेटी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसान भले ही किसी भी प्रदेश का हो, सबसे पहले वह हमारे देश का है। किसान देश का अन्नदाता है और उसके बल पर देश लगातार तरक्की कर रहा है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार किसानों की मांगों पर जरूर गंभीरता दिखाएगी। किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान पर दादूवाल ने कहा कि ऐसे हालात किसी भी स्तर पर नहीं होने चाहिए कि टकराव की स्थिति हो। दोनों ओर से इस संबंध में गहन विचार करना चाहिए। इस दौरान कमेटी प्रधान जत्थेदार भूपिंद्र सिंह असंध व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।