कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में रविवार को चौथे दिन पर्यटकों की भारी भीड़ ने उत्सव को और भी खास बना दिया। छुट्टी का दिन होने के चलते महोत्सव में देशभर से आए पर्यटकों का उत्साह देखने लायक था। खासतौर पर विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्कूली बच्चों के दल ने आयोजन में विशेष रंग भरे। ब्रह्म सरोवर के तट पर लगे शिल्प और सरस मेले में भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ी, जिससे शिल्पकारों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। महोत्सव में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे आयोजकों को भी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी।