कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को गहरा कोहरा छाया रहा, जिसके चलते 10 मीटर तक की दृश्यता रही। कोहरे के साथ ही शीत लहरें भी चली, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ा और कईं रेलगाड़ियां रद्द रही तो कईं घंटों भर तक लेट रही, जिससे यात्री कड़ाके की सर्दी में इंतजार करने को मजबूर रहे। वहीं रोडवेज बसों से लेकर अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी बढ़ी ठंड का असर दिखा और लोगों की चहल-पहल बेहद कम रही। लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। दोपहर के समय धूप खिली तो कुछ राहत मिल पाई लेकिन शाम ढलते ही फिर कोहरा छा गया। अधिकतम तापमान 19 तो न्यूनतम आठ डिग्री तक रहा। दिन व रात के तापमान में ही करीब आठ डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। अल सुबह से ही जिले भर में कोहरा शुरू हुआ जो करीब 11 बजे बाद खिली हल्की धूप के बाद छंट पाया। कोहरा छाने से हादसे की आशंका बनी रही तो सड़कों पर वाहन लाइटें जलाकर रेंगते दिखाई दिए। वहीं आज शनिवार से तापमान में कुछ बढ़तौतरी होने व धूप खिलने से ठंड में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ये रेलगाड़ियां रही रद्द - शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस - दिल्ली - पठानकोट एक्सप्रेस ये रेलगाड़ियां रही लेट दादर एक्प्रेस (दो घंटे), गीता जयंती एक्सप्रेस(चार घंटे), खजुराहो एक्सप्रेस (दो घंटे) , पश्चिम एक्सप्रेस (एक घंटा 19 मिनट), दिल्ली-कुरुक्षेत्र पैसेंजर (दो घंटे) यह रहेगा अगले दिनों का तापमान दिन--- अधिकतम तापमान--न्यूनतम तापमान शनिवार-- 20 डिग्री सेल्सियस--10 डिग्री सेल्सियस रविवार-- 19 डिग्री सेल्सियस--11 डिग्री सेल्सियस सोमवार-- 19 डिग्री सेल्सियस--10 डिग्री सेल्सियस मंगलवार-- 16 डिग्री सेल्सियस--8 डिग्री सेल्सियस बुधवार-- 16 डिग्री सेल्सियस--6 डिग्री सेल्सियस वीरवार-- 16 डिग्री सेल्सियस--7 डिग्री सेल्सियस शुक्रवार-- 15 डिग्री सेल्सियस--8 डिग्री सेल्सियस ठंड का गेहूं की फसल को बड़ा फायदा : डॉ कर्मचंद कृषि उपनिदेशक डॉ कर्मचंद का कहना है कि बढ़ती ठंड से भले ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं लेकिन गेहूं की फसल में ठंड बढ़ने से बड़ा फायदा होगा। अधिक फुटाव होगा तो गेहूं की पैदावार भी अधिक होगी लेकिन ऐसे मौसम में किसानों को फसल में पानी देने को लेकर विशेष ध्यान रखना होगा।