राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा। इस दौरान डिजिटल युग में बढ़ती चुनौतियों, सोशल मीडिया के प्रभाव, आत्मरक्षा के महत्व और समय प्रबंधन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता राष्ट्रपति अवार्डी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं महिला सर्वखाप पंचायत की अध्यक्ष डॉ. संतोष दहिया रहीं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और सही निर्णय लेने की क्षमता भी उतनी ही जरूरी है। डिजिटल युग में बेटियों को तकनीक का सही और सुरक्षित उपयोग सीखना होगा। आत्मरक्षा केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक भी होती है। जब तक बेटियां अपने अधिकारों को नहीं जानेंगी, तब तक वे सशक्त नहीं बन सकतीं। संवादात्मक सत्र के माध्यम से छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका वक्ताओं द्वारा समाधान किया गया। इस मौके पर सर्वखाप पंचायत की जिलाध्यक्ष विजय भारती, शिक्षिका, सुषमा, नीलम, सरिता, निशा, रूपा, अंजू, सिम्मी, पूजा, मुकेश, सुभाष, रघुबीर, पवन, संदीप सहित अन्य शिक्षक व छात्राएं मौजूद रहे।