फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनाल में विक्र अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा

Naveen Updated Sun, 05 Apr 2026 11:50 AM IST

शहर के विक्र अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और गलत इलाज के गंभीर आरोप लगाए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए परिजनों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति सुनील कुमार ने बताया कि वह 26 मार्च को अपनी पत्नी मोहिनी देवी को सिर में दर्द की शिकायत के चलते विक्र अस्पताल लेकर आए थे। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला के दिमाग में कीड़े हैं और उसी आधार पर इलाज शुरू कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उन्हें सही स्थिति से अवगत नहीं कराया गया और लगातार दवाइयां दी जाती रहीं। इस बीच जब उन्होंने महिला की रिपोर्ट किसी अन्य डॉक्टर को दिखाई तो उसने दिमाग में कीड़े होने की बात से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने मरीज को किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग की लेकिन आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने रेफर नहीं किया। सुनील कुमार के अनुसार, रविवार सुबह इलाज के दौरान मोहिनी देवी की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत बीमारी बताकर गलत दवाइयां दी गईं जिसके चलते मोहिनी की जान चली गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका अपने पीछे तीन साल की एक बच्ची और मात्र दो महीने की दूसरी बच्ची को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद दोनों मासूमों के सिर से साया उठ गया है जिससे परिजनों का दुख और आक्रोश और भी बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। जांच अधिकारी कृष्ण लाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अस्पताल प्रशासन से संबंधित दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें