जनस्वास्थ्य विभाग के कच्चे कर्मचारियों ने कई महीनों से वेतन न मिलने और अन्य मांगों को लेकर बुधवार को घरौंडा में विभागीय कार्यालय के बाहर गेट मीटिंग की। इस दौरान कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया।कर्मचारी नेताओं अंकित राणा, नरेश सेन और संदीप शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्थानीय उपमंडल अभियंता (एसडीओ) को अपनी मांगों के संबंध में कई बार नोटिस दिए, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला। कर्मचारियों का कहना है कि कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं और श्रम कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा।