करनाल के कर्ण गेट बाजार में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम के अधिकारी आज एक्शन मोड में दिखाई दिए। पहले से चेतावनी और मुनादी के बावजूद कई रेहड़ी-पटरी वालों ने अपना सामान नहीं हटाया था, जिसके चलते निगम की टीम ने आज सख्त कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने कर्ण गेट बाजार में पहुंचकर उन रेहड़ी-पटरी वालों का सामान जब्त कर लिया, जिन्होंने सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ था। इस कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया, और कई दुकानदारों व रेहड़ी वालों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेटने की कोशिश की। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के कारण बाजार में जाम की समस्या बढ़ रही है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।