केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी शरारती तत्वों की हरकत है। इस नाम से जो भी पोर्टल चलाया जा रहा था, उसे बंद कर दिया है और इसे संचालित करने वाले लोग भी अब पीछे हट चुके हैं। वे शनिवार को करनाल प्रवास पर रहे। इस दौरान नीलोखेड़ी क्षेत्र के गांवों का दौरा करके लोगों की समस्याएं भी सुनीं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों से देशभर में लू चल रही है, ऐसे में बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ी है। उनका कहना है कि यदि मांग 12 गीगावॉट तक और बढ़ जाए तब भी हम देश में बिजली आपूर्ति करने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि 21 मई को बिजली की मांग 271.8 गीगावॉट तक पहुंच गई। सरकार और बिजली विभाग ने बेहतरीन प्रबंधन किया, देश में कहीं बड़ी परेशानी नहीं आई। आने वाले दिनों में यदि मांग 283 गीगावॉट तक भी पहुंचती है तो विभाग उसे भी पूरा करने में सक्षम है। आरक्षण का उद्देश्य केवल जरूरत मंदों को आगे लाना है.. आरक्षण में क्रिमी लेयर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आरक्षण का उद्देश्य उन लोगों को आगे लाना है जिन्हें इसकी जरूरत है। आईएएस अधिकारियों के बच्चों को आरक्षण का लाभ देना उचित नहीं माना जा सकता, क्योंकि ऐसे परिवार पहले से ही सक्षम और सशक्त स्थिति में होते हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय अदालत की टिप्पणी आई है लेकिन अंतिम निर्णय विधायिका और राज्य सरकारों को ही लेना है।