माई सिटी रिपोर्टर: करनाल। सरकार की मेरी पसंद मेरी साइकिल योजना में इस बार विद्यार्थियों को शुल्क देकर नि:शुल्क साइकिल मिल रही है। क्योंकि शिक्षा विभाग की ओर से साइकिल का जो मूल्य तय किया गया है, उस कीमत में साइकिल बाजार में ही नहीं है। योजना के तहत साइकिल लेने के लिए विद्यार्थी को कम से कम 1300 रुपये का भुगतान करना ही होगा। शिक्षा विभाग की ओर से सेक्टर-13 के राजकीय विद्यालय में योजना के तहत दो दिवसीय साइकिल मेले का आयोजन किया गया है। जहां तीन फर्मों ने साइकिलों की प्रदर्शनी लगाई। मेले में 4100 रुपये से लेकर 6500 रुपये तक की साइकिल प्रदर्शित की गई। जबकि विभाग की ओर से 20 इंच की साइकिल का मूल्य 2800 रुपये व 22 इंच की साइकिल का मूल्य 3000 रुपये जीएसटी सहित देना तय है। ऐसे में सबसे कम कीमत की साइकिल बुक कराने पर 1300 रुपये और इससे अधिक कीमत की साइकिल लेने पर ज्यादा भुगतान करना होगा। विदित हो कि 2020 के बाद से योजना के तहत विभाग की ओर से साइकिल के लिए दी जाने वाली राशि को नहीं बढ़ाया गया। जबकि बाजार में साइकिल की कीमत काफी बढ़ चुकी है। एंकर : गगन तलवार, संवाददाता बाइट : सियाराम शास्त्री, नोडल अधिकारी