स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने शहर में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की दीवार पर पेंटिंग और चित्रकला प्रतियोगिता शुरू करा दी है। इसमें प्रतिभागी महाभारत, कर्ण, अर्जुन व भगवान श्री कृष्ण जी पर चित्रकला बना रहे हैं ताकि समाज में प्रेरणादायक संदेश पहुंच सके। जिस टीम की चित्रकला सबसे सुंदर, सबसे अधिक संदेश देने तथा प्रेरणादायक होगी उस टीम को पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आने वाली प्रतिभागी टीम को 5500 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 3100 रुपये और तृतीय स्थान पर आने के लिए 2100 रुपये की ईनाम राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक प्रतिभागी टीम को 1100 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। खास बात ये है कि इस प्रतियोगिता में प्रयोग किए जाने वाला सारा सामान जैसे पेंट, ब्रश व जलपान आदि की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की गई है।