करनाल जिले में माल रोड पर स्थित सिंचाई विभाग के सर्किल कार्यालय के बाहर पिछले पांच दिनों से कर्मचारी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। दो महीने से वेतन न मिलने के कारण नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी से मुलाकात की। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सेवाराम ने बताया कि मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि चार से पांच दिनों में सभी कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया जाए। हालांकि, सेवाराम ने साफ किया कि जब तक वेतन नहीं मिलता, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। सेवाराम ने कहा कि पिछले पांच दिनों से हमारा प्रदर्शन चल रहा है। कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द वेतन का भुगतान होगा, लेकिन हम तब तक धरना नहीं हटाएंगे, जब तक वेतन हमारे खातों में नहीं आ जाता। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों में भारी रोष है, क्योंकि विभाग काम तो करवा रहा है, लेकिन वेतन देने में लापरवाही बरत रहा है।प्रदर्शन में शामिल सीटू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स) के जिला सचिव जगपाल राणा ने बताया कि बुधवार (9 जुलाई) को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 10 ट्रेड यूनियनों के सदस्य हिस्सा लेंगे। इस हड़ताल में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और कौशल रोजगार निगम को भंग करने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई जाएंगी।